Bihar News : बिहार के मधेपुरा से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम में सावन की आखिरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई. इस हादसे में कई श्रद्धालु और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं.
भीड़ बढ़ने से मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, सावन के अंतिम सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु देर रात से ही सिंहेश्वर धाम पहुंचने लगे थे. रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा के बाद मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था. पट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के अंदर जाने लगे. सुबह होते-होते भीड़ और बढ़ गई.
मंदिर परिसर के साथ-साथ प्रवेश मार्गों पर भी लोगों की संख्या काफी ज्यादा हो गई. भीड़ का दबाव बढ़ने के कारण कई जगहों पर कतार की व्यवस्था बिगड़ गई. कुछ लोग आगे निकलने की कोशिश करने लगे, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इसी दौरान कुछ श्रद्धालु गिर पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
भगदड़ में एक महिला श्रद्धालु लोहे की बैरिकेडिंग पर गिर गई. इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी. वहीं कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं. भीड़ को संभालने की कोशिश में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया.
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे में स्थिति को काबू में कर लिया. घटना के तुरंत बाद घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का इलाज किया गया.
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही मधेपुरा के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और एसडीपीओ समेत कई अधिकारी सिंहेश्वर धाम पहुंचे. अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया और श्रद्धालुओं को दोबारा व्यवस्थित तरीके से कतार में खड़ा कराया गया.
सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई
घटना के बाद मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. प्रवेश और निकास वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों की निगरानी में अब श्रद्धालुओं को कतार के जरिए मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि दोबारा भीड़ का दबाव न बने. फिलहाल मंदिर में पूजा और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है और पुलिस लगातार भीड़ पर नजर रख रही है.
मंदिर समिति ने की शांति बनाए रखने की अपील
सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. समिति ने लोगों से धक्का-मुक्की नहीं करने और प्रशासन की ओर से बनाई गई कतार व्यवस्था का पालन करने को कहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

