Search

 
 
 

Bihar : गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना, युवक को लगी गोली, एक गिरफ्तार

Lagatar Desk :  जानकारी के अनुसार, पंचवटी कॉलोनी में मोनू कुमार और कुछ अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान एक व्यक्ति ने मोनू पर गोली चला दी. गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा.
 
गोलीबारी

Lagatar Desk :  बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां आलमगंज थाना क्षेत्र की पंचवटी कॉलोनी में गुरुवार देर रात आपसी विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां चली हैं. इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. मोनू कुमार (25 वर्षीय) को दाहिने पेट में गोली लगी है.

 

घटना के बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है.

 

इसे भी पढ़ें

 

कहासुनी के बीच चली गोली

जानकारी के अनुसार, पंचवटी कॉलोनी में मोनू कुमार और कुछ अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान एक व्यक्ति ने मोनू पर गोली चला दी. गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा.

 

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोनू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. बताया जाता है कि मोनू पटना नगर निगम में निजी वाहन चलाने का काम करता है.

 

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पटना सिटी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 राज किशोर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

 

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है. पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

 

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय मौजूद लोगों की पहचान करने और गोली चलाने के बाद आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके.. इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर विवाद से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.

 

घायल मोनू के बयान से खुलेगा घटना का राज

फिलहाल गोली चलने की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस बात को लेकर विवाद हुआ और किन परिस्थितियों में गोलियां चलाई गई. घटना के पीछे पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है.

 

पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी. मोनू की हालत में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया जा सकता है, जिससे विवाद की वजह और गोली चलाने वाले व्यक्ति के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है.

 

पटना में बीते कुछ महीनों में हुई गोलीबारी की घटनाएं

बता दें कि राजधानी पटना और उसके आसपास के इलाकों में  पिछले कुछ महीनों में कई हिंसक घटनाएं हुई हैं. कहीं आपसी विवाद में गोलियां चलीं, तो कहीं मामूली कहासुनी ने जानलेवा रूप ले लिया. इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए. जबकि कुछ को अपनी जान गंवानी पड़ी. 

 

23 अक्टूबर 2026 :  पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान गोलीबारी भी हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया.


21-22 अक्टूबर 2026 :  फुलवारीशरीफ में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजा कमेटी के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. इस दौरान 15 वर्षीय कुंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं.


24 सितंबर 2026 :  बुद्धा कॉलोनी स्थित मां सुखिया महल अपार्टमेंट के बेसमेंट में बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व पार्षद और जन स्वराज पार्टी के नेता अनिल यादव को निशाना बनाया. बदमाशों ने उन पर करीब 14 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. 


14 मई 2026  : पटना में कारोबारी पिंटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए. 


जून 2025 :  पटना सिटी के न्यू आरफाबाद कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गोली मार दी गई. इस हमले में मां और बेटे की मौत हो गई. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही