Patna News : बिहार के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. सम्राट सरकार ने छात्रों की पढ़ाई, छात्रावास और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक पहल की शुरुआत की है. सरकार ने विद्यार्थियों की शिकायतों और सुझावों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की है.
बिहार की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुख्यमंत्री ने सोमवार को पटना के जेडी वूमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में इस पोर्टल का शुभारंभ किया. इस पोर्टल के जरिए बिहार के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अपनी एकेडमिक और हॉस्टल से जुड़ी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे. सरकार की इस पहले से छात्रों को किसी भी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए विद्यार्थियों की समस्याओं को एक जगह दर्ज किया जाएगा और उनके समाधान की पूरी प्रक्रिया को अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की कोशिश की जाएगी. खास बात यह है कि पोर्टल को विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद के माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है.
कॉलेज में पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कभी कक्षा से जुड़ी समस्या होती है तो कभी परीक्षा, प्रमाणपत्र, छात्रवृत्ति या दूसरी शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर दिक्कत सामने आती है. वहीं, छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के सामने भोजन, रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं भी आती रहती हैं.
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल तैयार किया गया है. जानकारी के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के 30 दिन में समस्या का सामाधान किया जाएगा.
पोर्टल के इस्तेमाल या विद्यार्थी सहयोग शिविर से जुड़ी जानकारी के लिए 1100 नंबर पर संपर्क करने की सुविधा भी दी गई है. इससे उन विद्यार्थियों को मदद मिलेगी, जिन्हें ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने में किसी तरह की परेशानी आती है.
पढ़ाई और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को अपनी आवाज उठाने के लिए एक नया और व्यवस्थित मंच मिलेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

