Ranchi News : रांची के हरमू चौक पर लगे 'विकसित भारत संकल्प सेवा चौक' के बोर्ड को उखाड़े जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने निंदा करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसियों के इस आचरण से साफ जाहिर होता है कि उन्हें 'भारत' शब्द से ही नफरत और चिढ़ है.
इसे भी पढ़ें...
संदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देश ने जो 'विकसित भारत' का संकल्प लिया है, वह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा. इसी संकल्प की प्रतिबद्धता को याद रखने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित हजारों लोगों की मौजूदगी में हरमू चौक का नामकरण कर बोर्ड लगाया गया था, जिसे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उखाड़ फेंका. उन्होंने कहा कि यह बोर्ड किसी पार्टी का नहीं, बल्कि देश के विकसित होने के साझा संकल्प से जुड़ा था.
बीजेपी प्रवक्ता ने आगे कहा कि सत्ता से लंबे समय तक दूर रहने की छटपटाहट में कांग्रेस देश और झारखंड दोनों जगह अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है.
कभी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला बोलकर तो कभी चुनाव आयोग का बहाना बनाकर राष्ट्र की अखंडता पर चोट की जा रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य और देश की जनता कांग्रेस की इन हरकतों को देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

