Bokaro News : जिले के कसमार प्रखंड के गट्टीगाढ़ा गांव में तालाब में डूबे 70 वर्षीय महावीर महतो का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. शुक्रवार देर शाम हुई इस घटना के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही है. एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर तालाब में सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है.
तालाब में पानी अधिक होने के कारण सर्च अभियान में परेशानी हो रही है. टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है. फिलहाल उनकी मौत की पुष्टि अभी नहीं हुई है. महावीर महतो के तालाब में डूबने के बाद गांव में चिंता और शोक का माहौल है. उनके डूबने के बाद से ही अनहोनी की आशंका जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें
बीते कुछ वर्षों में तालाब में डूबने की घटनाएं
जिले में बीते कुछ वर्षों के दौरान तालाब में डूबने से कई दर्दनाक हादसे हुए हैं. नहाने या मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में जाने से बुजुर्गों से लेकर छोटे बच्चों तक की जान गई है. ऐसे में तालाब के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
- अक्टूबर 2026 : नावाडीह प्रखंड के नारायणपुर गांव में निजी तालाब में मछली पकड़ने के दौरान पैर फिसलने से चोलेश्वर महतो की डूबकर मौत हो गई.
- जुलाई 2026 : खमारबेंदी गांव (चास मुफस्सिल) के तालाब में नहाने के दौरान 34 वर्षीय रघु रजवार और उनके सात वर्षीय बेटे शिबू रजवार की डूबने से मौत हो गई.
- जून 2026 : बोकारो थर्मल में तालाब में नहाने के दौरान मिल्टन यादव के बड़े बेटे दीपक यादव की डूबने से जान चली गई.
- मई 2025 : चंदनकियारी गमहरिया गांव के तालाब में डूबने से लता दास, उनकी दो बेटियां शिखा और तन्वी और शांति देवी की मौत हो गई.
- मई 2024 : पेटरवार के विशेश्वर धाम मंदिर परिसर स्थित तालाब में डूबने से तीन बच्चों तालिब हुसैन, आरिफ और विवेक कुमार महतो की मौत हो गई.

