Ranchi News : झारखंड स्थापना दिवस पर JSLPS (पलाश) ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका और सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए. इसी क्रम में राहे प्रखंड में समावेशी आजीविका योजना के अंतर्गत 1,000 पात्र लाभुकों के बीच करीब 2 करोड़ 90 लाख की अनुदान राशि को चेक के माध्यम से वितरण किया गया. इसके अलावा पशुपालन, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य, जेंडर समानता एवं नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें...
नगड़ी में आजीविका जागरूकता एवं योजनाओं का प्रसार
नगड़ी प्रखंड के चेटे गांव में स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया. कार्यक्रम में महिलाओं को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण की जानकारी दी गई. एकीकृत कृषि क्लस्टर (IFC), मुद्रा ऋण एवं फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई.
हनी वैल्यू चेन परियोजना के अंतर्गत 10 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शेयर कैपिटल जमा कर मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाई. साथ ही, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के तहत दो लाभुक महिलाओं का चयन भी किया गया.
जेंडर समानता, स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति पर सामुदायिक जागरूकता अभियान
जिले के सभी प्रखंडों में संकुल स्तरीय संघ (CLF), ग्राम संगठन (VO) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. जागरूकता रैलियों, पोषण पखवाड़े एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीण समुदाय को जेंडर समानता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्ति के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है. महिलाओं एवं सामुदायिक सदस्यों द्वारा इन विषयों पर शपथ भी ली गई.
पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण एवं पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रखंडों में बकरियों के डीवर्मिंग एवं टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया. इस अभियान में कुल 1,047 बकरियों का टीकाकरण पूरा किया गया.
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का विवरण सत्यापित करने एवं प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले भर में आधार आधारित e-KYC अभियान चलाया गया. इस अभियान में कुल 1,132 लाभार्थियों का e-KYC सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

