- झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की 81 से लगभग 121 होने की संभावना
- एसटी-एससी सहित सभी वर्गों का बढ़ेगा प्रतिनिधित्व
Ranchi News : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत किया है. उन्होंने इसे ऐतिहासिक और दूरगामी फैसला बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया.
इसे भी पढ़ें...
साहू ने कहा कि आगामी संसद सत्र में दोनों विधेयकों के पारित होने की पूरी उम्मीद है. इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी.
आदित्य साहू ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है. इसके लागू होने पर झारखंड में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं.
वहीं, विधानसभा की 81 सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 121 होने की संभावना है. सीटों की संख्या बढ़ने से एसटी, एससी सहित सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व में भी वृद्धि होगी. इससे झारखंड की आवाज संसद और विधानसभा में अधिक मजबूती से उठ सकेगी.
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के लिए जनता तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है. परिसीमन से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण होगा और जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी.
कांग्रेस पर महिला आरक्षण को लेकर राजनीति का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और झामुमो पर परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति की, लेकिन महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए ठोस पहल नहीं की.
साहू ने कहा कि महिला आरक्षण केवल सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र में आधी आबादी की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है. इससे महिलाओं को नीति निर्धारण, राजनीतिक नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में अधिक अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह फैसला महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा देगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

