Ranchi News : झारखंड सरकार के जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों (ASO) के भविष्य पर गहरा संकट मंडरा रहा है. इस निर्णय से इन कर्मियों की नौकरी जाने की आशंका पैदा हो गई है.
इसी मुद्दे को लेकर झारखंड सचिवालय सेवा संघ की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को हटिया स्थित पशुपालन भवन में होने जा रही है. हटिया में आयोजित इस बैठक में कोर कमेटी के सदस्य नवनियुक्त पदाधिकारियों की सेवा सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे.
संघ के प्रतिनिधियों का मानना है कि अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर नियुक्त होकर काम कर रहे कर्मियों का भविष्य अंधकार में नहीं डाला जाना चाहिए. यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है, तो केवल दोषियों की पहचान कर कार्रवाई होनी चाहिए. निर्दोष कर्मियों का करियर खत्म करना कतई न्यायसंगत नहीं है. बैठक में संघ सरकार के समक्ष अपना पक्ष रखने और आगे की रणनीति का खाका तैयार करेगा.
उल्लेखनीय है कि परीक्षा रद्द होने की आशंका को देखते हुए नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों ने सोमवार शाम को प्रोजेक्ट भवन के बाहर शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला बनाई थी. वर्तमान में ये पदाधिकारी सचिवालय और विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और निष्पक्ष रूप से चयनित अभ्यर्थियों की आजीविका की रक्षा करने की गुहार लगाई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

