Ranchi News : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों की गायन और नृत्य प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए ‘झारखंड स्कूल प्रतिभा खोज 2026–झारखंड स्कूल आइडल : सुर और ताल संग्राम’ का आयोजन किया जा रहा है. इसके जरिए विद्यार्थियों को जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
इसे भी पढ़ें...
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी कनिष्ठ वर्ग और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी वरिष्ठ वर्ग में भाग ले सकेंगे. इसमें गायन के तहत एकल गायन, लोकगीत, देशभक्ति गीत और शास्त्रीय गायन, जबकि नृत्य में एकल नृत्य, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और मुक्त शैली की प्रस्तुतियां दी जा सकेंगी. प्रत्येक प्रस्तुति के लिए 4 से 6 मिनट का समय निर्धारित किया गया है.
जिला स्तर पर चयन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2026 है. इसके बाद प्रमंडल स्तर पर चयन कार्यक्रम आयोजित होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम में कोल्हान प्रमंडल, 23 अक्टूबर को पलामू में पलामू प्रमंडल, 24 अक्टूबर को रांची में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, 25 अक्टूबर को हजारीबाग में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल और 26 अक्टूबर को दुमका में संथाल परगना प्रमंडल के प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा.
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई खास प्रतिभा होती है. जरूरत उसे पहचानने और सही मंच देने की है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भी बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और कला-संस्कृति आधारित शिक्षा पर जोर देती है. यह प्रतियोगिता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करेगी.
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों से प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा स्कूलों में विद्यार्थियों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

