Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संथाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उन्हें धर्म महासम्मेलनों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल का न्योता दिया. मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, प्रतिनिधिमंडल ने आयोजनों की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें...
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 4 और 5 नवंबर 2026 को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित मरांग बुरु, मधुबन में आयोजित होने वाले ‘मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन-2026’ में शामिल होने का न्योता दिया.
इसके अलावा 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो के टीटीपीएस, ललपनिया में सोहराय कुनामी यानी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले ‘26वें इंटरनेशनल संथाल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस-2026’ में भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया.
आदिवासी संस्कृति और परंपराओं पर होगा विमर्श
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दोनों महासम्मेलनों का आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है. इनमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी सरना धर्मावलंबियों के शामिल होने की संभावना है. सम्मेलनों में आदिवासी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों और जनजातीय एकता को मजबूत करने पर चर्चा होगी.
मुख्यमंत्री ने दी आयोजन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त और मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा, हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू, सोनाराम मांझी सहित संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

