Search

 
 
 

के राजू बोले- कांग्रेस को दृढ़ विश्वास है, JMM परिसीमन बिल का विरोध करेगा

Ranchi News : के. राजू ने कहा कि झारखंड में फिलहाल विधानसभा की 28 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. यदि कुल सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ाकर 42 की जानी चाहिए. उनके अनुसार, प्रस्तावित विधेयक में 1971 की जनगणना को आधार बनाए जाने से आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या केवल 34 तक पहुंचने की आशंका है.
 
फाइल फोटो

Ranchi News : प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने आशंका जताई है कि विधेयक के मौजूदा प्रावधानों से झारखंड में आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है. इसके साथ ही के राजू ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, खासकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से इस विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने की अपील की है.

 

गौरतलब है  कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार में कांग्रेस भी शामिल है. जबकि झामुमो इंडिया गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. संसद में बिल के आने से पहले के राजू ने एक बयान जारी है. इसी बयान में उन्होंने कहा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों से परिसीमन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का आह्वान किया है. हमें पूरा विश्वास है कि इस कानून के झारखंड की जनता पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को देखते हुए जेएमएम इस सामूहिक प्रयास में शामिल होगा. 

 

इसे भी पढ़ें...

 

के. राजू ने रविवार को जारी बयान में कहा कि परिसीमन विधेयक का विरोध झामुमो के लिए केवल गठबंधन की राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आदिवासी अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी की रक्षा का सवाल है. उन्होंने कहा कि झारखंड में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है, लेकिन आदिवासी आरक्षित सीटों में उसी अनुपात में बढ़ोतरी सुनिश्चित करने का प्रावधान नहीं किया गया है.

 

आदिवासी आरक्षित सीटें 28 से बढ़ाकर 42 करने की मांग

के. राजू ने कहा कि झारखंड में फिलहाल विधानसभा की 28 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. यदि कुल सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ाकर 42 की जानी चाहिए. उनके अनुसार, प्रस्तावित विधेयक में 1971 की जनगणना को आधार बनाए जाने से आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या केवल 34 तक पहुंचने की आशंका है.

 

उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर विधानसभा में आदिवासी समुदायों की आनुपातिक राजनीतिक भागीदारी प्रभावित होगी. इससे उनके संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

 

परिसीमन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल

कांग्रेस प्रभारी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना और अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आयोग में प्रधानमंत्री द्वारा चयनित सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश, मुख्य चुनाव आयुक्त और राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका होगी. आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा निर्धारित करने का व्यापक अधिकार दिया जाएगा.

 

के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पहले से उठ रहे सवालों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया के जरिए चुनावी क्षेत्रों का पुनर्गठन सत्ता के केंद्रीकरण और सत्तारूढ़ दल को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का माध्यम बन सकता है.

 

झामुमो से संसद में विरोध की अपील

कांग्रेस ने झामुमो से अपील की है कि वह आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और संघीय व्यवस्था की रक्षा के लिए संसद में प्रस्तावित विधेयक का विरोध करे. पार्टी का कहना है कि परिसीमन की प्रक्रिया में राज्यों और सामाजिक समूहों के प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना जरूरी है.

 

कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि झामुमो अपनी आदिवासी हितों की राजनीतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा होगा और विधेयक के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही