Search

 
 
 

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस का चौपाल कार्यक्रम 25 अक्टूबर से

Ranchi News : शुक्रवार को रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद एवं AICC पर्यवेक्षक फूलो देवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए.
 
कांग्रेस की बैठक
  • झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होंगे शामिल

Ranchi News : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के विरोध और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है. ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक राज्यभर में चौपाल और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं, एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें झारखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

 

शुक्रवार को रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद एवं AICC पर्यवेक्षक फूलो देवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए.

 

फूलो देवी नेताम ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से देशभर में आवाज उठाई है. उन्होंने वोट चोरी से जुड़े आरोपों को साक्ष्यों के साथ सामने रखा है. अब कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने और जमीनी स्तर पर आंदोलन को मजबूत करने में जुटी है.

 

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत राज्य, जिला और प्रखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. बूथ स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) और स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाता सूची के सत्यापन पर जोर दिया जाएगा. 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल’ आयोजित कर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा.

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिल्ली रैली में झारखंड के सभी जिलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए जिला अध्यक्षों, विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि प्रखंड से प्रदेश स्तर तक अभियान चलाकर लोगों को मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों के प्रति जागरूक किया जाएगा.

 

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है. किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए. SIR की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए, ताकि लोगों का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बना रहे.

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक संवैधानिक संस्था होने के नाते आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है. मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रही शंकाओं का तथ्यों के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए.

 

प्रमंडलवार नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

अभियान को राज्यभर में प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस ने विभिन्न प्रमंडलों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है. फूलो देवी नेताम दक्षिणी छोटानागपुर के विभिन्न जिलों में अभियान की गतिविधियों का जायजा लेंगी. राजेश तिवारी जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे.

 

अमरजीत भगत पलामू प्रमंडल के गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में अभियान की समीक्षा करेंगे. दिनेश गुर्जर संथाल परगना के देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और दुमका में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. वहीं, डॉ. शिव कुमार डहरिया उत्तरी छोटानागपुर के रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद का दौरा करेंगे.

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य मताधिकार की रक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाना है. नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी दोहराई और कहा कि मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही