Search

 
 
 

Court News : आर्म्स एक्ट के सजायाफ्ता को हाईकोर्ट से मिली जमानत

Ranchi News : अदालत ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A) के तहत 7 साल के सश्रम कारावास व 1,000 रुपये जुर्माना तथा धारा 26(2) के तहत 5 साल के सश्रम कारावास व 1,000 रुपये जुर्माने की सजा दी थी.
 
हाईकोर्ट

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में सात साल की सश्रम कारावास की सजा काट रहे रामगढ़ निवासी सुनील कुमार विश्वकर्मा उर्फ सुनील विश्वकर्मा को राहत दी है. हाईकोर्ट ने अपील लंबित रहने के दौरान उनकी सजा को निलंबित करते हुए जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

रामगढ़ की निचली अदालत ने सुनाई थी सात साल की सजा

यह मामला रामगढ़ जिले के निवासी 40 वर्षीय सुनील कुमार विश्वकर्मा से जुड़ा है. रामगढ़ के अपर न्यायायुक्त-प्रथम सह विशेष न्यायाधीश (एफटीसी) की अदालत ने 25 नवंबर 2024 को उन्हें दोषी करार दिया था और 29 नवंबर 2024 को सजा सुनाई थी.

 

अदालत ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A) के तहत 7 साल के सश्रम कारावास व 1,000 रुपये जुर्माना तथा धारा 26(2) के तहत 5 साल के सश्रम कारावास व 1,000 रुपये जुर्माने की सजा दी थी. 

 

दोनों सजाएं साथ-साथ चलनी थीं. इस फैसले के खिलाफ अपीलार्थी ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल अपील दायर की थी और जमानत के लिए हस्तक्षेप याचिका (I.A.) दाखिल की थी.

 

क्या था मामला

अभियोजन पक्ष के अनुसार, 1 जुलाई 2015 को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुजू और रामगढ़-रांची रोड स्थित बैंक में कुछ अपराधी डकैती की नीयत से रेकी कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस बल ने इंडियन ओवरसीज बैंक के पास वाहन चेकिंग शुरू की.

 

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे सुनील कुमार विश्वकर्मा को रोकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा. 

 

तलाशी के दौरान उनकी कमर से 9 एमएम की एक देसी लोडेड पिस्तौल (चार जिंदा कारतूस के साथ), एक एयर पिस्तौल और पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया गया था.

 

जांच और गवाहों के बयानों में सामने आई खामियां

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने निचली अदालत के रिकॉर्ड और गवाहों की गवाही का सूक्ष्म अवलोकन किया, जिसमें अभियोजन पक्ष के मामले में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं.
 

जब्ती सूची (सीजर लिस्ट) के दो स्वतंत्र गवाहों में से एक अदालत में पक्षद्रोही (होस्टाइल) हो गए. उन्होंने कहा कि पुलिस ने सादे कागज पर उनके हस्ताक्षर लिए थे और उन्हें जब्ती के स्थान, तारीख या बरामद सामान की कोई जानकारी नहीं है. वहीं, दूसरे स्वतंत्र गवाह की अदालत में गवाही नहीं कराई गई.

 

हथियार जांच रिपोर्ट पर संदेह

सार्जेंट मेजर की बैलिस्टिक रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं था कि उन्होंने किस प्रक्रिया और किस समय हथियारों व कारतूसों की जांच की. उन्होंने कारतूसों को पिस्तौल में लोड कर टेस्ट करने के बजाय केवल अपने अनुभव के आधार पर उन्हें प्रभावी बता दिया था.

 

कोर्ट ने माना कि यह रिपोर्ट सूचक (थाना प्रभारी) के प्रभाव में तैयार की गई प्रतीत होती है. जब्त हथियारों पर न तो मालखाना नंबर अंकित था और न ही सभी सामानों को अलग-अलग सील किया गया था.

 

इसके अलावा, पहले जांच अधिकारी ने 4 जुलाई 2015 को हथियार जांच के लिए भेजे और उसी दिन रिपोर्ट भी प्राप्त कर ली, जिसे कोर्ट ने संदिग्ध माना. दूसरे जांच अधिकारी ने अदालत में आरोपी की पहचान तक नहीं की.

 

अदालत ने पाया कि अपीलार्थी इस मामले में पूर्व में करीब चार महीने और सजा सुनाए जाने के बाद से लगभग दो साल, यानी कुल करीब 2 साल 4 महीने की हिरासत पूरी कर चुके हैं.

 

सबूतों में कमियों और हिरासत की अवधि को देखते हुए कोर्ट ने उन्हें 15,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदारों (जिनमें से एक अपीलार्थी का रिश्तेदार होना अनिवार्य है) के आधार पर जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही