Search

 
 
 

JPSC कर्मी की नियमित नियुक्ति में ग्रेड-पे बढ़ाने की मांग हाईकोर्ट ने ठुकराई, पेंशन पर दी राहत

Ranchi News : दालत ने राहत देते हुए निर्देश दिया है कि उनके पेंशन संबंधी लाभों की गणना नियमितीकरण की तिथि के बजाय उनकी शुरुआती नियुक्ति की तिथि से की जाए. यह फैसला न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने दिया है.
 
हाईकोर्ट
  • 17 साल तक संविदा पर काम करने वाले  कर्मी को एलडीसी पद पर ही नियमित करने का फैसला बरकरार
  •  पेंशन की गणना शुरुआती नियुक्ति तिथि से करने का निर्देश

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के संविदाकर्मी शंकर प्रसाद की याचिका को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण के बाद उन्हें लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद और 1900 रुपये ग्रेड पे पर ही रखा जाना नियमों के अनुरूप है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

हालांकि, अदालत ने राहत देते हुए निर्देश दिया है कि उनके पेंशन संबंधी लाभों की गणना नियमितीकरण की तिथि के बजाय उनकी शुरुआती नियुक्ति की तिथि से की जाए. यह फैसला न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने दिया है.

 

क्या था पूरा मामला

याचिकाकर्ता शंकर प्रसाद 16 दिसंबर 2004 से JPSC में संविदा के आधार पर टंकक (Typist) के पद पर कार्यरत थे और उनकी सेवा 17 वर्षों से अधिक समय तक विस्तारित होती रही. पूर्व मं  दायर एक याचिका में 20 सितंबर 2023 को दिए गए आदेश के अनुपालन में JPSC ने 8 जुलाई 2024 को उनकी सेवाओं का नियमितीकरण LDC के पद पर 1900 रुपये ग्रेड पे (पे लेवल-2) में किया.

 

याचिकाकर्ता ने इस आदेश को चुनौती देते हुए मांग की थी कि उन्हें 16 दिसंबर 2004 से ही अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) के पद और 2400 रुपये ग्रेड पे पर नियमित माना जाए तथा उसी आधार पर वेतन निर्धारण, वरीयता, प्रोन्नति, MACP और बकाया राशि दी जाए.

 

8 जुलाई 2024 के नियमितीकरण आदेश के उस हिस्से को रद्द किया जाए, जिससे उन्हें कथित तौर पर UDC से LDC पर पदावनत कर ग्रेड पे 2400 से घटाकर 1900 किया गया.


राज्य सरकार और JPSC की ओर से अदालत को बताया गया कि नियमितीकरण झारखंड सचिवालय लिपिकीय सेवा नियमावली-2010 (अधिसूचित 26 जुलाई 2010) और नियमितीकरण नियमावली-2015 के तहत किया गया है.

 

नियमावली-2010 के खंड-12 के अनुसार, UDC प्रोन्नति का पद है, जिसे संपुष्ट LDC संवर्ग के कर्मियों की वरीयता-सह-योग्यता सूची के आधार पर निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने के बाद भरा जाता है. नियमितीकरण नियमावली-2015 के खंड-3(VII) के तहत नियमितीकरण का लाभ नियमित नियुक्ति की तिथि से देय होता है.

 

दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने पाया कि नियमों के तहत LDC पद पर नियमितीकरण में कोई त्रुटि नहीं है और ग्रेड पे बढ़ाने या UDC पद का लाभ देने की याचिकाकर्ता की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती.

 

ग्रेड पे व UDC का दावा खारिज

अदालत ने नियमितीकरण को LDC (पे लेवल-2 / ग्रेड पे 1900) पर बरकरार रखते हुए ग्रेड पे बढ़ाने का आग्रह अस्वीकार कर दी गई.

 

अदालत ने निर्देश दिया कि लागू नियमों के तहत पेंशन लाभों की गणना और विस्तार करते समय नियमितीकरण की तिथि के बजाय याचिकाकर्ता की प्रारंभिक नियुक्ति की तिथि को आधार माना जाए. अदालत ने याचिका खारिज कर दी, लंबित हस्तक्षेप याचिकाएं (I.A.) निष्पादित कर दीं और लागत को लेकर कोई आदेश पारित नहीं किया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही