Search

 
 
 

प्रिंस खान के विदेश से चल रहे सिंडिकेट पर शिकंजा, गोपी खान व रितिक को भारत लाने की तैयारी तेज

Dhanbad News : वासेपुर के कुख्यात भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के विदेश से संचालित नेटवर्क पर झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. प्रिंस खान के पाकिस्तान चले जाने के बाद उसके बड़े भाई गोपी खान और साले रितिक की भूमिका गिरोह के आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को संभालने में सामने आई है.
 
फाइल फोटो

Dhanbad News : वासेपुर के कुख्यात भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के विदेश से संचालित नेटवर्क पर झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. प्रिंस खान के पाकिस्तान चले जाने के बाद उसके बड़े भाई गोपी खान और साले रितिक की भूमिका गिरोह के आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को संभालने में सामने आई है. दोनों के यूएई में होने की जानकारी के बाद एजेंसियां उन्हें भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण समेत अंतरराष्ट्रीय कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी हैं.

 

हाल ही में बरवाअड्डा में पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों इरफान आलम उर्फ टुन्नू और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे से पूछताछ में पुलिस को गिरोह के विदेश कनेक्शन से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं. पूछताछ में सामने आया कि प्रिंस खान के पाकिस्तान चले जाने के बाद गिरोह के संचालन में गोपी खान और रितिक की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है. वहीं, 19 अप्रैल को अजमान से भारत पहुंचे प्रिंस के करीबी सैफ अब्बास नकवी से पूछताछ में भी गोपी खान के अजमान में रहने की जानकारी मिली थी.

 

जांच एजेंसियां अब गिरोह के आर्थिक नेटवर्क की भी गहराई से पड़ताल कर रही हैं. पुलिस को आशंका है कि धनबाद और आसपास के इलाकों से वसूली जाने वाली रंगदारी और लेवी की रकम को अलग-अलग माध्यमों से विदेश तक पहुंचाया जा रहा है. इस पूरे नेटवर्क में धनबाद के कुछ स्थानीय युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रंगदारी की रकम किस तरह विदेश में बैठे गिरोह के संचालकों तक पहुंचती थी और उसके बाद उसका इस्तेमाल कैसे किया जाता था.

 

जांच एजेंसियों ने करीब दो साल पहले प्रिंस खान के साथ उसके भाई गोपी खान का पासपोर्ट भी रद्द कराया था. अब रितिक के पासपोर्ट को रद्द कराने की प्रक्रिया तेज की जा रही है, ताकि उसकी अंतरराष्ट्रीय आवाजाही पर रोक लगाई जा सके. इसके साथ ही दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय कानूनी और कूटनीतिक माध्यमों के इस्तेमाल की तैयारी चल रही है.

 

पुलिस अब विदेश में बैठे गोपी खान और रितिक तक पहुंचने के साथ-साथ धनबाद में मौजूद उनके नेटवर्क को भी खंगाल रही है. गिरोह से जुड़े लोगों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच का दायरा बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में प्रिंस खान के विदेश कनेक्शन और उसके आर्थिक नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही