Ranchi : झारखंड के निर्माता, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा नेताओं ने उन्हें नमन किया. विधानसभा परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस दौरान भाजपा नेताओं ने देशहित में अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया.
मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे. सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी उनका सम्मान करते थे. उनकी राजनीतिक कार्यशैली, सरलता और विनम्रता ने देश की राजनीति में अलग पहचान बनाई.
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देशहित को हमेशा सर्वोपरि रखा. सत्ता की परवाह किए बिना पोखरण परमाणु परीक्षण का साहसिक निर्णय लेकर उन्होंने पूरी दुनिया को भारत की सामरिक शक्ति का अहसास कराया. उनका उद्देश्य भारत को शक्तिशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना था. उन्होंने देश की सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
झारखंड गठन का श्रेय अटल जी को : बाबूलाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब भी झारखंड की चर्चा होती है, अटल बिहारी वाजपेयी का नाम स्वतः ही झारखंडवासियों की स्मृति में आता है. उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है.
उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के गठन की राह आसान नहीं थी. राज्य गठन को लेकर कई स्तरों पर विरोध और राजनीतिक अड़चनें थीं. ऐसे समय में अटल बिहारी वाजपेयी ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए सभी बाधाओं को दूर किया और अलग झारखंड राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त किया. मरांडी ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में झारखंडवासियों को अलग राज्य की सौगात मिली. इसके लिए पूरा झारखंड सदैव उनका ऋणी रहेगा.
कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा, बलराम सिंह सहित भाजपा के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

