Jamshedpur News: समाहरणालय सभागार में सोमवार को राजस्व से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राजीव रंजन ने की. बैठक में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और नीलाम पत्र मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई.
जमशेदपुर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय लक्ष्य के मुकाबले विभागों की अब तक की उपलब्धि की जानकारी ली. राज्य कर विभाग के अर्बन अंचल में 19.52 प्रतिशत, जमशेदपुर अंचल में 25.12 प्रतिशत और सिंहभूम अंचल में 20.31 प्रतिशत राजस्व संग्रहण हुआ है.
इसे भी पढ़ें:
खनन विभाग में 25 प्रतिशत और उत्पाद विभाग में 32 प्रतिशत राजस्व वसूली दर्ज की गई. जिला सब रजिस्ट्रार कार्यालय में 25 प्रतिशत और परिवहन विभाग में 31 प्रतिशत संग्रहण हुआ है.
विद्युत विभाग के तीनों प्रमंडलों में करीब 50 प्रतिशत राजस्व संग्रहण किया गया है. नगर निकायों में भी राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई. जेएनएसी में करीब 25 प्रतिशत संग्रहण हुआ है, जबकि जुगसलाई, चाकुलिया और मानगो नगर निकायों में 40 प्रतिशत से अधिक राजस्व वसूली दर्ज की गई.
उपायुक्त ने अधिकारियों से राजस्व के उपलब्ध स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल करने को कहा. उन्होंने विभागों को तय लक्ष्य के अनुसार संग्रहण बढ़ाने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया. बैठक में भू-अर्जन से जुड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई.
उपायुक्त ने शेष जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा. लंबित मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित रैयतों के बीच शिविर लगाने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से संबंधित लोगों को भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए.
सभी अंचल अधिकारियों को म्यूटेशन, सीमांकन, परिसोधन और ऑनलाइन लगान से संबंधित आवेदनों का समयसीमा के भीतर निपटारा करने को कहा गया. उपायुक्त ने राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी. बैठक में नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करने और बकाया राजस्व की वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करने और राजस्व संग्रहण की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

