Search

 
 
 

निशा भगत की मौत : पिता ने SIT को बयान देने से किया इनकार, पुलिस पर उठाये सवाल

Gumla News : रांची के डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी बुधवार को गुमला पहुंची थी. टीम सबसे पहले सदर थाना गयी. वहां से एसआई कुंदन चौधरी और एसआई निधि गुप्ता को साथ लेकर निशा भगत के डीएसपी रोड स्थित आवास पहुंची. पुलिस का उद्देश्य हन्दू भगत से दर्ज प्राथमिकी के संबंध में जानकारी लेना और उनका विस्तृत बयान दर्ज करना था.
 
निशा भगत के पिता

Gumla News : आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत की जांच के दौरान बुधवार को नया मोड़ आ गया. मामले की पड़ताल कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) जब उनके पिता हन्दू भगत का बयान लेने गुमला स्थित आवास पहुंची, तो उन्होंने पुलिस के सामने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी. डीएसपी को देखते ही वह भावुक हो गये और हाथ जोड़कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

उन्होंने कहा कि घटना के इतने दिनों बाद पुलिस को उनका बयान लेने की याद क्यों आयी? फिलहाल उन्होंने गुमला में बयान दर्ज कराने से मना कर दिया. इसके बाद टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा.

 

रांची के डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी बुधवार को गुमला पहुंची थी. टीम सबसे पहले सदर थाना गयी. वहां से एसआई कुंदन चौधरी और एसआई निधि गुप्ता को साथ लेकर निशा भगत के डीएसपी रोड स्थित आवास पहुंची. पुलिस का उद्देश्य हन्दू भगत से दर्ज प्राथमिकी के संबंध में जानकारी लेना और उनका विस्तृत बयान दर्ज करना था.

 

आवास पर डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने जब उन्हें बयान दर्ज कराने की जानकारी दी, तो हन्दू भगत भावुक हो गये. उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि घटना के बाद इतने दिनों तक उनका बयान क्यों नहीं लिया गया. अब अचानक पुलिस उनके घर बयान लेने क्यों पहुंची है? उन्होंने हाथ जोड़कर अपनी नाराजगी जाहिर की और साफ कर दिया कि वह अभी गुमला में कोई बयान नहीं देंगे.

 

रांची जाकर देंगे अपना पक्ष

हन्दू भगत ने एसआईटी को बताया कि वह स्वयं रांची जाकर अपना पक्ष रखेंगे. डीएसपी ने उन्हें इस संबंध में नोटिस देने की बात कही, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से भी इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उनसे आगे की प्रक्रिया को लेकर बातचीत की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. अंततः एसआईटी बिना बयान दर्ज किये वापस लौट गयी.

 

सभी पहलुओं की जांच होगी : डीएसपी

एसआईटी के लौटने के बाद डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि जांच के क्रम में निशा भगत के पिता का बयान दर्ज करना जरूरी था. इसी उद्देश्य से टीम उनके आवास पहुंची थी. हालांकि, हन्दू भगत ने फिलहाल बयान देने से मना किया है. उन्होंने दो दिन बाद रांची आकर अपना पक्ष रखने की बात कही है.

 

डीएसपी ने कहा कि मामले में लगाये गये आरोपों और जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल की जायेगी. किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा. जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जायेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही