Ranchi News : सावन की तीसरी सोमवारी पर रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर सहित अन्य शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ हाथों में गंगाजल, बेलपत्र और फूल लिए जलाभिषेक करने मंदिर पहुंचने लगी.
इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे. भगवा रंग में रंगे भक्तों से शिवालयों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा. पहाड़ी मंदिर के अलावा सुरेश्वर धाम, लिंगेश्वर मंदिर और अरगोड़ा बूढ़ा महादेव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही.
श्रद्धालुओं ने कतार में खड़े होकर अपनी बारी आने पर विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की. (रांची की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
किसी ने मांगा जीवनसाथी, किसी ने सफलता का आशीर्वाद
सावन की सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली. कुंवारे युवक-युवतियों ने भगवान शिव से मनचाहे जीवनसाथी की कामना की. वहीं नौकरीपेशा लोगों ने कारोबार में तरक्की और आर्थिक समृद्धि के लिए प्रार्थना की.
जबकि स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में अच्छे अंक, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाया.
रोजगार की आस लेकर पहुंचे युवा
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं ने भी शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव से जल्द नौकरी मिलने की प्रार्थना की. कई श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूरी होने पर दोबारा मंदिर आकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने का संकल्प लिया.
वहीं, जिन भक्तों की मनोकामनाएं पूरी हो चुकी थीं, उन्होंने भगवान शिव को जल चढ़ाकर, नारियल अर्पित कर और पूजा-अर्चना कर आभार जताया.
जन्मदिन पर पहले महादेव के दरबार में माथा टेका
सोमवार को जन्मदिन मनाने वाले बच्चों और युवाओं में भी शिवभक्ति का उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने अपने जन्मदिन की शुरुआत स्नान के बाद भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और दर्शन से की.
श्रद्धालुओं का कहना था कि जीवन के विशेष दिन की शुरुआत महादेव का आशीर्वाद लेकर करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ जन्मदिन की खुशियां मनाईं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

