- छह कुआंनुमा अवैध खदानों के मुहानों को कराया गया बंद
Dhanbad News : कोयलांचल में अवैध कोयला खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. जंगलों के भीतर जमीन खोदकर अवैध खदानें बनाई जा रही हैं और मशीनों व विस्फोटकों के सहारे कोयले का काला कारोबार चल रहा है. निरसा के कैथरडीह जंगल में CISF की ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर इस अवैध कारोबार की गहरी जड़ों को उजागर कर दिया है.
इसे भी पढ़ें...
शनिवार को हुए छापेमारी में छह कुआंनुमा अवैध खदानों के मुहानों को बंद कराया गया. मौके से 51 एक्सप्लोसिव, 39 डेटोनेटर, एक ट्रैक्टर, कंप्रेसर मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और अर्थ ड्रिलिंग मशीन जब्त की गई.

खदान के मुहान को किया बंद
वहीं, 24 संदिग्ध मजदूरों को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कालूबथान थाना पुलिस को सौंपा गया. CISF की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया.
जंगल के भीतर चल रहा था खनन का पूरा इंतजाम
दरअसल CISF ने BCCL एरिया-12 के बसंतीमाता क्षेत्र अंतर्गत कैथरडीह जंगल में अलग-अलग स्थानों पर रेड और सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान जंगल के भीतर अवैध खनन के लिए तैयार किए गए बड़े इंतजाम सामने आए. यहां कुएं जैसी छह अवैध खदानें बनाई गई थीं जिनकी गहराई करीब 50 से 60 फीट बताई जा रही है. खदानों में उतरकर कोयला निकालने के लिए मशीनों और विस्फोटकों का इस्तेमाल किए जाने के संकेत मिले हैं.

ट्रैक्टर-जनरेटर जब्त
छापेमारी के दौरान CISF ने मौके से एक ट्रैक्टर, कंप्रेसर मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और अर्थ ड्रिलिंग मशीन जब्त की. इसके अलावा 51 एक्सप्लोसिव और 39 डेटोनेटर भी बरामद हुए. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से अवैध खनन के संगठित तरीके से संचालित होने की आशंका गहराती है. कार्रवाई के दौरान सभी छह अवैध खदानों के मुहानों को मिट्टी और पत्थरों से भरवा दिया गया. वहीं, मौके पर मिले 24 संदिग्ध मजदूरों को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
छापेमारी होती है, खदानें बंद होती हैं, फिर शुरू हो जाता है कारोबार
निरसा में अवैध कोयला खनन का यह पहला मामला नहीं है. पिछले कुछ समय से CISF अलग-अलग इलाकों में लगातार सर्च अभियान चला रही है. आधा दर्जन से अधिक अभियानों में अवैध खनन से जुड़े उपकरण और कोयला बरामद किए जा चुके हैं. इसके बावजूद अवैध खनन का सिलसिला जारी रहना सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े करता है.
लुचीबाद पर कब पड़ेगी कार्रवाई की नजर
कैथरडीह में कार्रवाई के बाद अब निरसा के दूसरे संवेदनशील इलाकों की चर्चा भी तेज हो गई है. इनमें लुचीबाद का नाम प्रमुखता से सामने आता रहा है जिसे अवैध कोयला खनन के बड़े हॉटस्पॉट के रूप में देखा जाता है.
मजदूर पकड़े जा रहे, लेकिन सरगना अब भी सवालों के घेरे में
कैथरडीह जंगल में 51 एक्सप्लोसिव, 39 डेटोनेटर और खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की बरामदगी मामूली मामला नहीं है. यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक किसने उपलब्ध कराए, मशीनें किसकी थीं और अवैध खदानों का संचालन कौन कर रहा था. 24 मजदूरों को पकड़ना कार्रवाई का एक हिस्सा है लेकिन इस कारोबार के पीछे सक्रिय संचालकों और कोयला तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचना असली चुनौती है. अब निगाहें पुलिस, CISF और BCCL की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

