- नई रेलवे परियोजनाओं में तेजी लाने का अधिकारियों को निर्देश
Dhanbad : धनबाद रेल मंडल के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. धनबाद स्टेशन से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी है. ट्रेन का रैक उपलब्ध होते ही इसका परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. यह जानकारी ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने रविवार को धनबाद दौरे के दौरान दी.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जीएम छत्रसाल सिंह रविवार को धनबाद पहुंचे. धनबाद पहुंचने के बाद उन्होंने सिंदरी-पाथरडीह क्षेत्र में चल रही रेलवे की नई परियोजनाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से काम की स्थिति पर चर्चा की.
निरीक्षण के दौरान जीएम ने परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को लेकर धनबाद मंडल के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने रेलवे की नई योजनाओं से जुड़ी तैयारियों और यात्री सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली.
रैक मिलते ही शुरू होगा धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत का परिचालन
शाम को धनबाद स्टेशन लौटने के बाद जीएम छत्रसाल सिंह ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि धनबाद से कोयंबटूर के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाने की योजना है. इसके लिए रैक उपलब्ध होते ही ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा.
उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में धनबाद से अमृत भारत ट्रेन के अलावा अन्य नई ट्रेनों के परिचालन की भी योजना है. इससे धनबाद और दक्षिण भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर होने की उम्मीद है.
नई परियोजनाओं की प्रगति पर जीएम की नजर
जीएम के निरीक्षण को धनबाद मंडल में चल रही नई रेलवे परियोजनाओं की प्रगति से जोड़कर भी देखा जा रहा है. सिंदरी-पाथरडीह क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गति, परियोजनाओं की प्रगति और संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली.
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाया जाए. जीएम ने रेलवे विकास से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया.
धनबाद से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत ट्रेन के संभावित परिचालन से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर और आधुनिक रेल सेवा मिलने की उम्मीद है. अब यात्रियों की नजर रैक की उपलब्धता और ट्रेन के आधिकारिक परिचालन कार्यक्रम की घोषणा पर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

