Dhanbad News : धनसार स्थित विश्वकर्मा परियोजना में 2 अक्टूबर को हुए हादसे में हॉलपैक ऑपरेटर ललन नोनिया की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और राष्ट्रीय कामगार यूनियन के सदस्यों ने शव रखकर प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें...
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और नियोजन देने की मांग की. साथ ही परियोजना प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को विश्वकर्मा परियोजना में काम के दौरान हॉलपैक ऑपरेटर ललन नोनिया हॉलपैक समेत करीब 50 फीट की ऊंचाई से खदान में जा गिरे थे. हादसे में उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परियोजना में काम बंद कर दिया गया.
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को जब ललन नोनिया का शव उनके घर पहुंचा तो परिजनों और राष्ट्रीय कामगार यूनियन के सदस्यों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और नियोजन देने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण हादसा हुआ. उन्होंने प्रबंधन से जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
इधर, हादसे की जांच के लिए डीजीएमएस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों के पालन में किसी स्तर पर चूक हुई या नहीं इसकी जांच की जा रही है. डीजीएमएस की जांच रिपोर्ट के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

