Dhanbad News : झारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम सर्किट हाउस में छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों, बीसीसीएल और जेआरडीए के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी मौजूद रहे.
करीब चार घंटे चली बैठक में सभी पक्षों को सुनने के बाद मंत्री ने पुनर्वास, मुआवजा, चिकित्सीय सहायता और प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर सहमति बनाई. बैठक में प्रभावित परिवारों की मांग पर भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र का IIT-ISM धनबाद से वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने और डेंजर जोन का सीमांकन करने पर सहमति बनी. सर्वेक्षण की रिपोर्ट एक माह के भीतर उपलब्ध कराने की बात कही गई.
इसके अलावा भू-धंसान की घटना में घायल लोगों को चिकित्सीय सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, खनन के दौरान सुरक्षा एवं ब्लास्टिंग के नियमों का सख्ती से पालन करने तथा घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर सहमति बनी.
डेंजर जोन के सर्वे में मस्जिद, मदरसा, ईदगाह और स्कूलों को भी शामिल किया जाएगा. बैठक के अंत में मंत्री की मौजूदगी में सभी पक्षों ने विभिन्न बिंदुओं पर सहमति जताई. इसके बाद बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहुंचे मंत्री
बैठक में मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि वे सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि के रूप में छाताबाद पहुंचे हैं. सीएम ने भू-धंसान की घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए भू-धंसान और डेंजर जोन में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. मंत्री ने भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों के आसपास इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार करने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके.
बेलगड़िया के अलावा 20-21 साइट तैयार : BCCL
बैठक में बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए बेलगड़िया के अलावा 20-21 अन्य साइट भी शिफ्टिंग के लिए तैयार रखी गई हैं. वहीं उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि डेंजर जोन में रहने वाले लोगों को कई बार बस से बेलगड़िया ले जाकर वहां की व्यवस्था दिखाई गई है.
भ्रमण के दौरान लोग बेलगड़िया में रहने के लिए सहमत हो जाते हैं. लेकिन वापस लौटने के बाद शिफ्टिंग के लिए तैयार नहीं होते हैं. सन्नी राज ने बताया कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर बेलगड़िया में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. विस्थापित परिवारों के रोजगार के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है.
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक संजय कुमार सिंह, वार्ड 32 के पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन, चंद्रशेखर अग्रवाल, मन्नु आलम समेत जेआरडीए, बीसीसीएल के पदाधिकारी और छाताबाद के नागरिक मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

