Dhanbad News : गोल्फ ग्राउंड बचाओ, खेल आगे बढ़ाओ और मेला मुक्त मैदान जैसी तख्तियां हाथों में थामे सैकड़ों बच्चों और युवाओं के विरोध-प्रदर्शन से मंगलवार को धनबाद की सड़कें गूंज उठीं. शहर के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) को केवल खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा.
इसे भी पढ़ें...
बच्चों और युवाओं ने गोल्फ ग्राउंड से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार पैदल मार्च निकाला और जिला प्रशासन तथा नगर निगम के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
2 महीने तक ठप हो जाता है अभ्यास
प्रदर्शन कर रहे मासूम खिलाड़ियों और युवाओं के चेहरों पर प्रशासन के रवैये को लेकर गहरा असंतोष दिखा. खिलाड़ियों का कहना है कि गोल्फ ग्राउंड धनबाद का मुख्य खेल केंद्र है जहां रोजाना सुबह-शाम सैकड़ों बच्चे क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स का अभ्यास करते हैं.
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के नाम पर लगने वाले डिजनीलैंड मेले के कारण मैदान का बड़ा हिस्सा लगभग दो महीने तक बंद हो जाता है. झूले और दुकानों के हटने के बाद भी मैदान गड्ढों में तब्दील रहता है जिससे नियमित अभ्यास पूरी तरह टूट जाता है.
नेताओं के खोखले आश्वासन और प्रशासनिक अनदेखी
खेल प्रेमियों ने बताया कि वे इस मुद्दे को लेकर पहले भी जिला प्रशासन, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित आवेदन दे चुके हैं. पूर्व में धनबाद विधायक राज सिन्हा, डुमरी विधायक जयराम महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल जैसे दिग्गजों ने भी मैदान में मेला लगाए जाने का सार्वजनिक रूप से विरोध किया था.
बावजूद इसके इस बार फिर से दुर्गा पूजा पर डिजनीलैंड मेला लगाने के लिए दो आवेदकों को स्वीकृति दिए जाने की खबर से खिलाड़ियों में भारी निराशा और आक्रोश है.
खेल प्रेमियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो खिलाड़ी लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे. प्रशासनिक स्तर पर व्यावसायिक आयोजनों को तवज्जो देने और भविष्य के खिलाड़ियों की अनदेखी करने का यह मुद्दा अब पूरे धनबाद में चर्चा का विषय बन गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

