Dhanbad News : रक्षाबंधन का त्योहार एक परिवार के लिए उस वक्त ताउम्र का दर्द बन गया जब तालाब में डूबने से 13 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. घटना गोंदुडीह ओपी क्षेत्र के भोलानाथ बसेरिया स्थित बसेरिया नंबर-5 तालाब की है. माटीगढ़ा (बाघमारा) निवासी 13 वर्षीय बच्चा रक्षाबंधन के मौके पर अपनी मां के साथ मौसा करीमन चौहान के घर (भोलानाथ बसेरिया) आया था.
शुक्रवार शाम वह पास के तालाब में नहाने गया था लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने रातभर काफी खोजबीन की पर कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह तालाब में बच्चे का शव तैरता देख हड़कंप मच गया.
आशंका है कि नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ. मामले की जानकारी मिलते ही गोंदुडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

