Dhanbad : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीबीएम कॉलेज के समीप सोमवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई.हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई.मृतक की पहचान बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है. वह निरसा थाना क्षेत्र के डुमरिया आखबेड़िया का रहने वाला बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार बिपुल कुमार महतो बाइक से बलियापुर की ओर से सिंदरी जा रहे थे. इसी दौरान बीबीएम कॉलेज के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े हाईवा में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना बलियापुर थाना को दी.
सूचना मिलते ही बलियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.प्रारंभिक जानकारी में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है.

