- छात्रों का आंदोलन 23 दिनों से है जारी
Ranchi News : जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के 20 अगस्त को प्रस्तावित सीएम आवास घेराव को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है. अभ्यर्थियों के संभावित जुटान को देखते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मुख्यमंत्री आवास तक के पूरे मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. (झारखंड की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 हजार से अधिक जवानों को तैनात करने की तैयारी है. स्टेडियम से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा.
स्थिति को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर बैरिकेडिंग भी की जा सकती है. पुलिस की कोशिश रहेगी कि प्रदर्शनकारी तय सुरक्षा घेरे को पार कर मुख्यमंत्री आवास के नजदीक नहीं पहुंचें. जरूरत पड़ने पर पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी.
CCTV कैमरों से होगी गतिविधियों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मुख्यमंत्री आवास के बीच लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त किया जा रहा है. कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है. खराब उपकरणों को भी बदले जाने की तैयारी है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CCTV के माध्यम से पूरे प्रदर्शन की निगरानी की जाएगी. किसी तरह की गड़बड़ी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश सामने आने पर फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सकती है.
खुफिया विभाग भी जुटा रहा जानकारी
घेराव की घोषणा के बाद खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है. आंदोलन में शामिल होने वाले संभावित अभ्यर्थियों की संख्या, दूसरे जिलों से रांची पहुंचने वाले छात्रों और उनके संभावित रूट की जानकारी जुटाई जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

