Dhanbad News : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम समाहरणालय सभागार में बैठक हुई.
इस बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक, बिजली, स्वास्थ्य, विसर्जन और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं किया जाएगा. सभी पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन का अंडरटेकिंग देना होगा.
पंडालों के लिए अग्निशमन, भवन प्रमंडल/पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग से आवश्यक एनओसी लेना अनिवार्य होगा. पंडालों में अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टियां, फर्स्ट एड बॉक्स और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था रखना जरूरी होगा.

डीसी-एसएसपी की अध्यक्षता में हुई बैठक
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, वेंटिलेशन और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था करनी होगी. पहचान पत्र वाले वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे और उनकी सूची संबंधित थाने में जमा करनी होगी.
प्रमुख पंडालों में इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन लगाने के साथ डायल-112 समेत जरूरी हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने होंगे. वहीं पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा.
इसे भी पढ़ें
बेहतर समितियों को मिलेगा पुरस्कार
सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने वाली समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 41 हजार, तृतीय 31 हजार तथा चौथे से दसवें स्थान तक 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.
विसर्जन स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रहेगी. जुलूस में शामिल वाहनों के चालकों के पास वैध लाइसेंस होना अनिवार्य होगा. मार्ग में खराब होने वाले वाहनों के लिए क्रेन की व्यवस्था भी रहेगी.
सड़क से तार तक दुरुस्त करने का निर्देश
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग और नगर निकाय को पूजा पंडालों, मुख्य सड़कों और संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया. बिजली विभाग को जर्जर, लटकते तार और खतरनाक पोलों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने को कहा गया है. गोविंदपुर मुख्य बाजार समेत विभिन्न चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने के लिए भी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं.
अस्पताल अलर्ट, पंडालों में भी मेडिकल टीम
पूजा के दौरान सभी अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी को आपात स्थिति के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है.आवश्यक दवाइयां, एंबुलेंस और बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी. पूजा पंडालों में मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी. खाद्य सुरक्षा विभाग पंडालों के आसपास लगने वाले फूड स्टॉलों की जांच करेगा.
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को पंडालों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों से निगरानी कराने का निर्देश दिया. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है.
सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक पोस्ट की निगरानी के लिए साइबर मॉनिटरिंग सेल भी सक्रिय रहेगा. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भीड़ में बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखने, कीमती आभूषण पहनने से बचने, दोपहिया वाहनों में डबल लॉक लगाने और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल डायल-112 या पुलिस को देने की अपील की है.

