Ranchi : मोरहाबादी मैदान के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को डूरंड कप क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फुटबॉल का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला. एससी दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए एफसी रैंगडाई को 5-1 से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला.
मैच शुरू होने से पहले तीन हेलिकॉप्टरों से सलामी दी गई. मुकाबला देखने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी स्टेडियम पहुंचे. मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यपाल ने मंच से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. इसके बाद उन्हें टोटो से मैदान में ले जाया गया, जहां उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया.
शाम 4 बजे शुरू हुए मुकाबले में एफसी रैंगडाई ने 9वें मिनट में गोल कर खाता खोला. शुरुआती बढ़त के बाद रैंगडाई के खिलाड़ियों ने एससी दिल्ली पर दबाव बनाए रखा. 15वें मिनट में एससी दिल्ली को बराबरी का शानदार मौका मिला, लेकिन रैंगडाई की मिडफील्ड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल होने से रोक दिया.
एससी दिल्ली के खिलाड़ियों ने इसके बाद शानदार बॉल पासिंग का प्रदर्शन किया और बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए. एक मौके पर एससी दिल्ली के खिलाड़ी ने गोल की ओर शानदार शॉट लगाया, लेकिन रैंगडाई के गोलकीपर ने डाइव लगाकर गेंद को अपने कब्जे में ले लिया. पहले हाफ के अंत तक रैंगडाई की टीम 1-0 से आगे रही.
दूसरे हाफ में बदला मैच का रुख
शाम करीब 5 बजे दूसरे हाफ का खेल शुरू हुआ. एससी दिल्ली ने बेजोड़ अंदाज में खेलते हुए रैंगडाई के गोलपोस्ट पर दबाव बढ़ाया. इसका फायदा 56 मिनट 54 सेकेंड में मिला, जब एससी दिल्ली ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
बराबरी के बाद एससी दिल्ली का खेल में आत्मविश्वास बढ़ा और टीम ने लगातार गोल दागने की सिलसिला जारी रखा. 66 मिनट 47 सेकेंड में एससी दिल्ली ने दूसरा गोल दागकर 2-1 की बढ़त बना लिया. इसके बाद रैंगडाई ने वापसी की कोशिश की, लेकिन एससी दिल्ली के खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा.
मैच के 81 मिनट 17 सेकेंड में एससी दिल्ली ने तीसरा गोल कर दिया. इसके साथ ही टीम ने रैंगडाई पर 3-1 की मजबूत बढ़त बना ली. अंतिम मिनटों में रैंगडाई ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन एससी दिल्ली की मजबूती ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया.
90 मिनट पर फिर एक गोल लगा दिया और 4-1 से बढ़त बना लिया. 90 में फिर से एक गोल लगा दिया और 5-1 से मजबूत पकड़ बना ली. दूसरा मुकाबला कोलकाता में शाम 7 बजे से ईस्ट बंगाल एफसी और भारतीय सेना के बीच खेला जाएगा.
जीत के जश्न में दर्शकों में जबरदस्त उत्साह, खूब फोड़े गए पटाखे
क्वार्टर फाइनल मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में खेलप्रेमियों की भीड़ जबरदस्त दिखने को मिला. दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. स्टेडियम का माहौल देखकर साफ नजर आया कि रांचीवासियों में फुटबॉल को लेकर खासा जुनून है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

