Dhanbad News : बरवाअड्डा थाना परिसर में फर्जी प्रमाणपत्र को लेकर हुए विवाद के बाद सामने आए वायरल ऑडियो को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने मंगलवार को पलटवार किया. माडा कर्मचारियों के बकाया वेतन के मामले में माडा के एमडी से मिलने धनबाद पहुंचे जयराम महतो ने मीडिया से बातचीत में वायरल ऑडियो को तोड़-मरोड़कर और एडिट कर पेश करने का आरोप लगाया.
अब तक आपने पढ़ा...
उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी के साथ उनकी करीब 11 मिनट तक बातचीत हुई थी लेकिन ऑडियो में उनकी बातों को काट-छांटकर वायरल किया गया है. विधायक ने कहा कि वह इस मामले में निजता हनन का मुकदमा दर्ज कराएंगे.
जयराम महतो ने यह भी कहा कि बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त को हुई घटना की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है. उन्होंने दावा किया कि वह जहां भी जाते हैं उनका कैमरा ऑन रहता है और थाना परिसर में भी कई कैमरे लगे हुए हैं. ऐसे में घटना की पूरी सच्चाई वीडियो फुटेज से सामने आ सकती है. उन्होंने बरवाअड्डा थाना प्रभारी से घटना की एक-एक मिनट की वीडियो फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की.
मारपीट के आरोप को बताया निराधार
विधायक ने कहा कि थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हॉट टॉक हुई थी लेकिन मारपीट किए जाने का आरोप पूरी तरह निराधार है. उन्होंने कहा कि यदि मारपीट हुई है तो इसकी पुष्टि थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आसानी से की जा सकती है. उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.
11 मिनट की बातचीत को एडिट करने का आरोप
जयराम महतो ने कहा कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ मोबाइल पर करीब 11 मिनट तक बातचीत हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान कही गई उनकी कई बातों को काट दिया गया और ऑडियो को एडिट कर अलग संदर्भ में वायरल किया गया.
उन्होंने कहा कि बातचीत निजी स्तर पर हुई थी. बातचीत के दौरान यदि उन्होंने थाना प्रभारी को डांट-फटकार लगाई या कुछ कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया भी हो तो वह निजी बातचीत का हिस्सा था. इसे सार्वजनिक मंच पर कही गई बात के रूप में पेश करना गलत है.
उन्होंने कहा कि बातचीत में कुछ शब्द कठोर जरूर हो सकते हैं लेकिन वायरल ऑडियो पूरी बातचीत की वास्तविक तस्वीर पेश नहीं करता. विधायक ने दावा किया कि उनके शब्दों को आगे-पीछे कर और संदर्भ से हटाकर ऑडियो को वायरल किया गया है.
थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप
जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बालू ढोने वाले गरीब ट्रैक्टर चालकों से कथित तौर पर 30 हजार रुपये तक की मांग की जाती है.
विधायक ने दावा किया कि थाना प्रभारी की ओर से कथित तौर पर यह कहा जाता है कि वसूली की रकम ऊपर तक पहुंचानी पड़ती है. उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होनी चाहिए.
बोले- जनता के मुद्दे पर आवाज उठाना अपराध नहीं
जयराम महतो ने कहा कि जनप्रतिनिधि का काम जनता की समस्याओं को उठाना है. यदि किसी अधिकारी के खिलाफ जनता से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने आती हैं तो उस पर सवाल उठाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि वह सिस्टम से समझौता करने के बजाय जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि ऑडियो को एडिट कर उनकी बातों को गलत संदर्भ में पेश किया गया है. इस मामले में वह कानूनी कार्रवाई करेंगे और निजता हनन का मामला दर्ज कराने की बात कही है.
महिला पुलिस अधिकारी को लेकर भी लगाया आरोप
विधायक ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी को लेकर एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित गलत संबंध का भी आरोप लगाया. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है.
विधायक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और 21 अगस्त को थाना परिसर में हुई घटना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


