Ranchi News : झारखंड में इस मानसून बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहा है. कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है, जबकि कई जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है. 1 जून 2026 से अब तक राज्य में कुल 866.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में सामान्य बारिश 899.6 मिमी होनी चाहिए थी. यानी राज्य में बारिश सामान्य से 4 फीसदी कम रही है.
इसे भी पढ़ें...
जिलेवार बारिश के आंकड़े
पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 1306.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 45 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. सिमडेगा में 1170.8 मिमी बारिश हुई है और यह सामान्य के आसपास है.
लातेहार में 1049 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा है. रांची में 1048.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 14 फीसदी अधिक है. सरायकेला-खरसावां में 1043.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 16 फीसदी ज्यादा है.
पूर्वी सिंहभूम में 1029.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 6 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. खूंटी में 951.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 5 फीसदी कम है. लोहरदगा में 917 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा है.
जामताड़ा में 911.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 1 फीसदी कम है. धनबाद में 897.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 4 फीसदी कम है. रामगढ़ में 851.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 7 फीसदी कम है.
दुमका में 791.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 11 फीसदी कम है. साहिबगंज में 758.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 24 फीसदी कम है. बोकारो में 718 मिमी और हजारीबाग में 717.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. दोनों जिलों में सामान्य से क्रमश: 11 और 22 फीसदी कम बारिश हुई है.
गुमला में 687.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 27 फीसदी कम है. गिरिडीह में 658.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 22 फीसदी कम है. गढ़वा में 653.5 मिमी और पलामू में 642.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है. यहां बारिश सामान्य से क्रमश: 19 और 15 फीसदी कम रही है.
गोड्डा में 640.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17 फीसदी कम है. कोडरमा में 592.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 23 फीसदी कम है. देवघर में 584.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 30 फीसदी कम है.
चतरा में 540.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 34 फीसदी कम बारिश हुई है. सबसे खराब स्थिति पाकुड़ की है. यहां अब तक सिर्फ 527.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 48 फीसदी कम है.
अगले 6 दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 18 सितंबर तक झारखंड में मौसम बदला हुआ रह सकता है. इस दौरान राज्य में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है.
14, 15 और 16 सितंबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार समेत अन्य जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है.
17 सितंबर को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है. 18 सितंबर को भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
रांची में कैसा रहेगा मौसम
13 सितंबर को रांची में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
14 से 16 सितंबर के बीच रांची में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 17 सितंबर को भी हल्की से मध्यम बारिश और 18 सितंबर को मेघ गर्जन या बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 18 सितंबर के दौरान झारखंड के किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई प्रतिकूल मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

