Ranchi News : झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं को अगले वित्तीय वर्ष में महंगाई का एक और झटका लग सकता है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए बिजली दरों में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर रहा है.
इसे भी पढ़ें...
निगम ने नयी बिजली दरों को लेकर टैरिफ पिटीशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. नियमानुसार, इसे 30 नवंबर 2026 तक झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष दाखिल करना है. हालांकि, प्रस्ताव को अभी निगम स्तर पर अंतिम मंजूरी नहीं मिली है.
बिजली खरीद और पुराने बकाये को बनाया आधार
प्रस्तावित बढ़ोतरी के पीछे निगम ने बिजली खरीद की बढ़ती लागत, पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए), पुरानी देनदारियों और वितरण व्यवस्था पर होने वाले खर्च को आधार बनाया है. निगम का मानना है कि बिजली की खरीद पर लगातार खर्च बढ़ रहा है.
वहीं, पुराने ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव, नये ट्रांसफॉर्मर लगाने, बिजली लाइनों को दुरुस्त करने और वितरण नेटवर्क के आधुनिकीकरण के लिए भी अतिरिक्त राशि की जरूरत है.
इसके अलावा बिजली चोरी और लाइन लॉस कम करने के साथ ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी निवेश करना होगा. इन्हीं वित्तीय जरूरतों का हवाला देकर निगम 30 से 40 प्रतिशत तक बिजली दर बढ़ाने की मांग आयोग के सामने रख सकता है.
31 मार्च तक आयोग करेगा फैसला
टैरिफ पिटीशन जमा होने के बाद झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग इसकी समीक्षा करेगा. आयोग को 31 मार्च 2027 तक नयी बिजली दरों पर फैसला लेना है. इस दौरान जनसुनवाई भी होगी. इसमें आम बिजली उपभोक्ता, औद्योगिक संस्थान और सामाजिक संगठन प्रस्तावित बढ़ोतरी पर अपनी आपत्ति और सुझाव रख सकेंगे. आयोग सभी पक्षों को सुनने के बाद अंतिम टैरिफ निर्धारित करेगा. इसलिए निगम की ओर से प्रस्तावित 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी अभी अंतिम फैसला नहीं है.
पांच साल में घरेलू बिजली दर में 1.65 रुपये की बढ़ोतरी
पिछले पांच वर्षों में झारखंड में घरेलू बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. वर्ष 2022-23 में घरेलू बिजली की दर 5.75 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 6.30 रुपये की गयी थी. इसके बाद 2023-24 में 35 पैसे की वृद्धि के साथ दर 6.65 रुपये प्रति यूनिट हो गयी.
वर्ष 2024-25 में दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. 2025-26 में 20 पैसे की बढ़ोतरी के बाद दर 6.85 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की गयी. वहीं, 2026-27 में फिर 55 पैसे की वृद्धि की गयी और घरेलू बिजली की दर 7.40 रुपये प्रति यूनिट हो गयी.
इस तरह पांच वर्षों में घरेलू बिजली की दर 5.75 रुपये से बढ़कर 7.40 रुपये प्रति यूनिट पहुंच गयी है. यानी उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 1.65 रुपये अधिक भुगतान करना पड़ रहा है. अब 2027-28 के लिए प्रस्तावित बढ़ोतरी पर आयोग का फैसला उपभोक्ताओं के बिजली बिल का अगला बोझ तय करेगा.
पिछले पांच वर्षों में घरेलू बिजली दरों में बढ़ोतरी
| वित्तीय वर्ष | पुरानी दर | नयी दर | वृद्धि |
| 2022-23 | ₹5.75 | ₹6.30 | 55 पैसे |
| 2023-24 | ₹6.30 | ₹6.65 | 35 पैसे |
| 2024-25 | ₹6.65 | ₹6.65 | कोई वृद्धि नहीं |
| 2025-26 | ₹6.65 | ₹6.85 | 20 पैसे |
| 2026-27 | ₹6.85 | ₹7.40 | 55 पैसे |
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

