Ranchi News : दिवाली से पहले रांची आने वाली उड़ानों का किराया आसमान छूने लगा है. आठ नवंबर को दिवाली है. इससे पहले छह और सात नवंबर के टिकटों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है. कई शहरों से रांची आने के लिए यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक अधिक किराया देना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें...
भुवनेश्वर-रांची रूट पर सबसे अधिक बढ़ोतरी देखने को मिली है. सामान्य दिनों में 4,533 रुपये का टिकट छह नवंबर को 25,665 रुपये पहुंच गया है. सात नवंबर को भी किराया 15,296 रुपये है.
दिल्ली से रांची का सामान्य किराया 7,314 रुपये है, जो छह नवंबर को 15,349 रुपये और सात नवंबर को 16,219 रुपये हो गया है. मुंबई से आने के लिए यात्रियों को 22,730 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं. बेंगलुरु से किराया 17,947 रुपये और चेन्नई से 18,061 रुपये तक पहुंच गया है.
हैदराबाद से रांची का टिकट छह नवंबर को 18,052 रुपये और सात नवंबर को 19,342 रुपये है. अहमदाबाद से दोनों दिन किराया 21,734 रुपये बताया गया है. वहीं, कोलकाता से टिकट 6,105 से 9,150 रुपये और पटना से 5,367 से 6,207 रुपये तक मिल रहा है.
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग और सीमित सीटों के कारण किराये में उछाल आया है. डायनेमिक प्राइसिंग व्यवस्था के तहत सीटें कम होने पर टिकट महंगे हो जाते हैं. इससे दिवाली पर घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों का बजट बिगड़ सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

