Ranchi : प्रवर्तन निदेशालय ने 54 करोड़ के GST घोटाले में ज्ञान चंद जायसवाल और उसके बेटे राजजायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है. इन दोनों ने अपने कर्मचारियों के नाम पर सात कागजी कंपनी बनाकर फर्जी बिल बनाया और ITC का ग़लत लाभ लिया. इन दोनों को एक अक्टूबर को PMLA के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जायेगा.
ईडी ने छापेमारी के दौरान पाया कि ज्ञान चंद ने अपने कर्मचारियों के नाम पर जय भोले इंटरप्राइजेज के अलावा अलग-अलग नाम से सात कंपनियां बनायी. इन कंपनियों का GST रजिस्ट्रेशन लिया और अपनी मूल कंपनी के साथ कागजी व्यापार दिखाया.
ज्ञान चंद ने अपनी मूल कंपनी मेकर कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ भी कागजी कंपनियों के नाम पर व्यापार दिखाया. हालांकि किसी तरह की सामग्रियों की आपूर्ति के बिना ही GST बिल बनाया और अपनी मूल कंपनी के नाम पर ITC का लाभ लिया.

