Search

 
 
 

स्थापना दिवस पखवाड़ा: जनकल्याण, महिला सशक्तीकरण और खेल प्रतिभाओं को मिला बढ़ावा

Ranchi News : रांची के सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया. फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए. जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया. वहीं, 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी पूरा किया गया.
 
स्वयं सहायता समूह को मिला ट्रैक्टर

Ranchi News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

 

इसे भी पढ़ें...

 

शनिवार को रांची समेत लोहरदगा, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आवास, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और खेलकूद से जुड़ी गतिविधियां हुईं.

 

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल

रांची के सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया. फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए. जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया. वहीं, 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी पूरा किया गया.

 

जमशेदपुर के मुसाबनी और डुमरिया में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं लाभुकों को क्रमशः 1.26 करोड़ और 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई. गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों के बीच गेहूं, चना और सरसों के बीज बांटे गए.

 

सुरक्षित मातृत्व और सामाजिक जागरूकता पर जोर

राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया गया. इसके तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण तथा सरकारी मातृत्व योजनाओं की जानकारी दी गई. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान में 1,85,070 लोगों की भागीदारी रही. लोहरदगा में 5,127 लोगों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों में हिस्सा लिया. विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया.

 

आवास, स्वच्छता और शिक्षा को बढ़ावा

विभिन्न जिलों में स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी, बाल सभाएं और निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं. आवास योजनाओं के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया. कोडरमा में 65 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया. हजारीबाग में पीएम आवास ग्रामीण, पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को इसका लाभ मिला.

 

पारंपरिक खेलों से निखरी प्रतिभाएं

गिरिडीह में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता शुरू हुई. कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेलों में भाग लिया. दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई. गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया.

 

इसके अलावा जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली, लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान, चतरा में पेंशन एवं राजस्व शिविर तथा सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए. स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत हो रही ये गतिविधियां जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता और राज्य के समग्र विकास को नई गति दे रही हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही