- राज्यपाल ने किया तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन
- केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू भी रहे मौजूद
Ranchi News : राजधानी रांची में गुरुवार को तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत एक्सपो-2026 का शुभारंभ हुआ. रांची क्लब लिमिटेड में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें...
यह एक्सपो 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी संस्थानों की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और देश के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलों को आम लोगों तक पहुंचाना है.
प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को भारत की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है.
स्वर्णिम भारत एक्सपो का उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है. इसके माध्यम से देश में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है.
तीन दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी के जरिए आम नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं और देश की विकास संबंधी उपलब्धियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा. रांची में इस आयोजन को देश की प्रगति, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

