Giridih News : गिरिडीह के अशोका इंटरनेशनल होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और राज्य के विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ किया गया.
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि पार्टी आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाएगी. 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाया जाएगा.
इसके माध्यम से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों को जनता के बीच रखा जाएगा. साथ ही कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के कथित उल्लंघन के मुद्दे भी उठाए जाएंगे.
अमर बाउरी ने महिला अत्याचार की घटनाओं, गम्हरिया थाना प्रकरण, सुंदरपहाड़ी और सिमडेगा से जुड़े मामलों, निशा भगत आत्महत्या प्रकरण तथा गिरिडीह बैंक डकैती का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.
उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में भाजपा उनके साथ खड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध-प्रदर्शनों को रोकने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है.
एमएमडीआर को लेकर 25 और 26 नवंबर को बुलाए गए विशेष सत्र पर भी उन्होंने सवाल उठाए. साथ ही खनिजों की कथित अवैध तस्करी, एसआईआर के विरोध और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की.
बाउरी ने कहा कि बैठक में 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई. उन्होंने सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि महिला सुरक्षा, छात्रों के अधिकार तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा.
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

