Search

 
 
 

झारखंड के गिरिडीह यूको बैंक में दिनदहाड़े डाका, 4 करोड़ के जेवरात और 12 लाख नकद ले गये हथियारबंद अपराधी

Giridih News : बैंक प्रबंधक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि उसके अन्य साथियों ने लोगों को हथियार के बल पर डराकर एक जगह रोक दिया.
 
डकैती
  • कर्मचारियों और ग्राहकों को बनाया बंधक; थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई वारदात

Giridih News : झारखंड के गिरिडीह जिले में पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. गुरुवार को धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में घुसे अपराधी करीब 4 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था.

 

इस बीच इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने जमुआ के जंगली इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है.

इसे भी पढ़ें...

 

बैंक प्रबंधक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि उसके अन्य साथियों ने लोगों को हथियार के बल पर डराकर एक जगह रोक दिया.

 

इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया. वहां रखे सोने के जेवरात और नकदी समेटने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए. पूरी वारदात को अंजाम देने में करीब 20 मिनट लगे. अपराधियों के जाने से पहले बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया गया, जिससे कर्मचारी और ग्राहक अंदर ही फंसे रह गए.

 

घटना के दौरान बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर काबू कर लिया था. उनसे भी रुपये मांगे गए. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की.

 

अपराधियों के फरार होने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला.

 

घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे. इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही अपराधियों के आने और फरार होने के रास्तों की जानकारी जुटाई. 

 

 

थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर बैंक डकैती

इस वारदात में सबसे अहम बात यह है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक में घुसकर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की और आसानी से फरार हो गए. घटना के बाद धनवार बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही