Ranchi News : रांची के कांके थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने सात पुरुष आरोपियों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं, दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चार लाख रुपये नकद और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों का संबंध बिहार के भोजपुर जिले से बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें...
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बीते 13 अक्टूबर को सुबह करीब सात बजे अपराधियों ने कांके थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित रमाशंकर सिंह के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी वर्तमान में रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में रह रही थी. उसके पास से दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. शेष दो लाख रुपये अन्य आरोपियों के पास से बरामद किए गए. इसके अलावा, पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

नगद और बरामद सामान
जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधियों ने डकैती को अंजाम देने से पहले घर की पूरी रेकी की थी. अपराधियों ने वारदात के लिए सुबह का समय चुना, जब घर के पुरुष सदस्य जॉगिंग के लिए बाहर चले जाते हैं और घर में बुजुर्ग मौजूद रहते हैं. इसी स्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए कुछ आरोपियों के खिलाफ बिहार और रांची में पहले भी डकैती के मामले दर्ज हैं. वहीं, घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस की छानबीन जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

