- हेथु मौजा की 3.64 एकड़ जमीन के मामले में सरकारी निर्देशों की अनदेखी और गलत रिपोर्ट देने का आरोप, सेवानिवृत्त IAS सुनील कुमार करेंगे जांच
Ranchi News : नामकुम की तत्कालीन अंचल अधिकारी शुभ्रा रानी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन से जुड़े मामले में राज्य सरकार ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाही शुरू करने का आदेश दिया है. कार्मिक विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है. उन पर वंशावली सत्यापन में गलत रिपोर्ट देने और सरकारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप है.
इसे भी पढ़ें...
मामला रांची के नामकुम अंचल के मौजा हेथु की 3.64 एकड़ जमीन से जुड़ा है. संबंधित जमीन थाना नंबर 298, खाता नंबर 30 के अंतर्गत आती है. आरोप है कि तत्कालीन सीओ शुभ्रा रानी ने इस जमीन के मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया. साथ ही, बिना ठोस जांच-पड़ताल के वंशावली का सत्यापन कर दिया और जमीन से संबंधित रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी, जो जांच में गलत पाई गई.
डीसी की जांच में आरोप सही पाए गए
मामले की जांच रांची के उपायुक्त की ओर से कराई गई थी. जांच के दौरान तत्कालीन सीओ के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए. इसके बाद मुख्यमंत्री के अनुमोदन से उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने का निर्णय लिया गया. अब इस मामले में विभागीय कार्रवाही के जरिए आरोपों की जांच की जाएगी.
सेवानिवृत्त IAS सुनील कुमार को मिली जिम्मेदारी
विभागीय जांच के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुनील कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है. अब जांच के दौरान जमीन से जुड़े दस्तावेजों, वंशावली सत्यापन और तत्कालीन अंचल अधिकारी की भूमिका की पड़ताल की जाएगी. विभागीय जांच में आरोपों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

