Ranchi News : भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने हेमंत सरकार से JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन पर तुरंत ठोस पहल करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि लंबे आंदोलनों के बाद छात्रों-अभ्यर्थियों को मिली जीत अब उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के कारण नए कानूनी पेच में फंस गई है.
मनोज भक्त ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों का न्यायालय के स्तर पर ठोस निष्कर्ष तक पहुंचना संभव होगा या नहीं, यह फिलहाल कहना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह के कई मामले न्यायालय के समक्ष विचाराधीन रहे हैं, लेकिन उनका अपेक्षित समाधान नहीं निकल पाया. ऐसे में केवल अदालत के फैसले का इंतजार करने से छात्र-अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों और अभ्यर्थियों को इस दुष्चक्र से बाहर निकालने के लिए कानूनी रूप से प्रभावी कदम उठाने चाहिए. लंबे समय से छात्र-नौजवान परीक्षा में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. सरकार को उनकी मांगों और भविष्य के प्रति गंभीरता दिखानी होगी.
भाकपा माले नेता ने कहा कि सरकार को छात्र-अभ्यर्थियों के पक्ष में मजबूती से खड़ा होकर मामले के न्यायपूर्ण समाधान के लिए आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाने चाहिए.
मनोज भक्त ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर रोक और समयबद्ध नियुक्ति छात्र-युवाओं का अधिकार है. सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों का खामियाजा ईमानदारी से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को न भुगतना पड़े. उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्र-नौजवानों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

