Gumla News : केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने ओबीसी आरक्षण शून्य किए जाने के विरोध में मंगलवार को झारखंड के पांच जिलों में बंद बुलाया है. 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर ओबीसी मोर्चा के सदस्य सुबह से ही सड़क पर उतर आए और रायडीह थाना क्षेत्र के मांझाटोली में चक्का जाम किया.
सड़क जाम के कारण मांझाटोली में आवागमन बाधित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई. वहीं क्षेत्र की दुकानें भी पूरी तरह बंद रहीं, जिससे बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित रहीं. साथ ही जनजीवन प्रभावित हुआ.
इसे भी पढ़ें
मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि झारखंड सरकार ने रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में ओबीसी आरक्षण शून्य कर दिया है. इसको लेकर पिछड़ा वर्ग के लोगों में खासी नाराजगी है. इसी के विरोध में ओबीसी मोर्चा आंदोलन कर रहा है.
सदस्यों ने कहा कि ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि समाज के लोगों को उनका अधिकार मिल सके. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरक्षण का मुद्दा ओबीसी समाज के भविष्य और अधिकारों से जुड़ा हुआ है. सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए और ओबीसी समाज को न्याय देना चाहिए.

