Hazaribagh News : जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के अपराधियों ने L&T कन्वेयर बेल्ट साइट को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली लगने की बात सामने आई है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई, जिसमें गैंग ने गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
इसे भी पढ़ें...
जारी बयान के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच कन्वेयर बेल्ट परिसर में 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं. गैंग ने अपने संदेश में संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी शर्तों के मुताबिक जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो अगली बार और गंभीर हमला किया जाएगा. इस धमकी के बाद क्षेत्र में औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
दिलीप सिंह की मौत का मामला उठाकर पुलिस पर लगाए आरोप
गैंग ने अपने बयान में हजारीबाग पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. दिलीप सिंह उर्फ शाखा की कथित पुलिस हिरासत में मौत का मामला उठाया गया है. गैंग का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की पिटाई से दिलीप सिंह की मौत हुई थी और बाद में उसके शव को लावारिस हालत में फेंक दिया गया. इस मामले में अब्दुल कादिर फतेह अली खान और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.

सोशल मीडिया पोस्ट
तुषार मिश्रा के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
विज्ञप्ति में रामगढ़ जेल से तुषार मिश्रा को लाए जाने और उसके साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया गया है. गैंग ने आरोप लगाया है कि तुषार मिश्रा का एनकाउंटर करने की कोशिश की गई थी, लेकिन बाद में उसके पैर में चोट पहुंचाकर फरार होने की कहानी तैयार की गई. इसके अलावा अंशु दुबे और गुड्डू मास्टर के मामलों का हवाला देते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं.
गैंग ने स्थानीय पत्रकारों से भी पूरे मामले के दोनों पक्षों को सामने लाने की अपील की है. बयान में दावा किया गया है कि हथकड़ी और रस्सी से बंधे व्यक्ति के पुलिसकर्मियों के बीच से फरार होने की कहानी संदिग्ध है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

