Hazaribagh News: जिला के बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित JMM जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के आवास पर उनके सरकारी बॉडीगार्ड निरंजन महतो की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. इस मामले में हजारीबाग SP अमन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. DSP, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं.
इस मामले में एसपी ने बताया कि जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के साथ दो अंगरक्षक तैनात थे, जिसमें एक बॉडीगार्ड कमरे में थे, जबकि दूसरा बॉडीगार्ड बगल के कमरे में मौजूद था. इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर दोनों कमरे से बाहर निकले और दरवाजा खटखटाया. दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बॉडीगार्ड गोली लगने से मृत अवस्था में मिले.
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत आत्महत्या के कारण हुई या राइफल की सफाई के दौरान गोली चलने से यह घटना घटी.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. आसपास मौजूद लोगों ने भी गोली चलने की आवाज सुनी थी. फिलहाल पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और वैज्ञानिक जांच के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है.
एसपी ने बताया कि इस्तेमाल की गई एके-47 ऑटोमैटिक राइफल है. इसकी सेटिंग के अनुसार एक साथ कई राउंड फायर हो सकते हैं. घटनास्थल पर बर्स्ट फायरिंग की बात सामने आई है. हालांकि बॉडीगार्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

