- कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और बंधु तिर्की के नेतृत्व में दर्जनों बसों से गए कार्यकर्ता
- रामलीला मैदान की रैली में दिखेगी झारखंड की भागीदारी
Ranchi News : दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने के लिए झारखंड से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए. कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बंधु तिर्की के नेतृत्व में दर्जनों बसों से कार्यकर्ताओं ने कूच किया.
इसे भी पढ़ें...
इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए गए. पार्टी नेताओं ने इसे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई बताया.
SIR के नाम पर वोटरों के नाम हटाने का आरोप
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे हैं. अब देशभर में इस पर चर्चा हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है.
इसका असर झारखंड के आदिवासी और वंचित समुदायों पर भी पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए. लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है. किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.
टाना भगत समुदाय भी करेगा भागीदारी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के आह्वान पर झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे हैं. रैली में आदिवासी समाज के साथ कला-संस्कृति से जुड़े लोगों और गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले टाना भगत समुदाय के लोगों की भी भागीदारी होगी. उन्होंने कहा कि टाना भगत समुदाय के लोग अपने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, सांस्कृतिक पहचान और तिरंगे के साथ दिल्ली पहुंचेंगे. इससे रैली में झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखेगी. कई कार्यकर्ता बसों के अलावा ट्रेनों से भी दिल्ली रवाना हो रहे हैं.
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
शिल्पी नेहा तिर्की ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है. बंधु तिर्की ने कहा कि रांची से रवाना हुई दर्जनों बसें अभियान की शुरुआत हैं. अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ता विभिन्न माध्यमों से दिल्ली पहुंच रहे हैं. रामलीला मैदान की रैली में झारखंड की भागीदारी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प को सामने रखेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

