Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में भावुक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पिछले कुछ समय से बेहद कठिन व्यक्तिगत और पारिवारिक हालात से गुजर रहे हैं. ऐसे वक्त में वे उनके साथ चट्टान की तरह खड़े हैं.
इसे भी पढ़ें...
डॉ. अंसारी ने कहा कि वे राजनीतिक लड़ाई में भाजपा से मुकाबला कर सकते हैं और हर चुनौती झेल सकते हैं. लेकिन जब अपनों की ओर से ही हेमंत सोरेन को निशाना बनाया जाता है, तो यह उन्हें भीतर तक दुख पहुंचाता है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद और विचारों का टकराव लोकतंत्र का हिस्सा है, पर किसी के निजी और पारिवारिक दुख के समय संवेदनशीलता और इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में परिवार और सरकार को कई गहरे आघात लगे हैं. उन्होंने गुरुजी शिबू सोरेन के निधन को पूरे झारखंड और सोरेन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया. इसके बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और तत्कालीन नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक इन घटनाओं ने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर दिया.
डॉ. अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की माताजी की तबीयत भी ठीक नहीं है और वे उनके इलाज को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने कहा कि माताजी के बेहतर इलाज के लिए हरसंभव व्यवस्था की जा रही है.
मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन उनके लिए सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि परिवार के बड़े भाई जैसे हैं. उन्होंने हेमंत सोरेन के संघर्ष और झारखंड के प्रति उनके समर्पण को करीब से देखा है. उन्होंने कहा कि हेमंत जी इस मुश्किल समय में अकेले नहीं हैं. उन्होंने उनकी माताजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. मंत्री ने कहा कि मुश्किल समय भी गुजर जाता है, लेकिन अपनों का साथ हमेशा याद रहता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

