Search

 
 
 

रिवर व्यू रिजॉर्ट में उगाही के साथ अवैध गतिविधियों का भी खुलासा, संचालक ने आरोपों को नाकारा

गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े उगाही नेटवर्क की जांच में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस होटल से अभिषेक उगाही का नेटवर्क चला रहा था, वहां अवैध गतिविधियों के संचालित होने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह सब कुछ लंबे समय से काम चल रहा है. लेकिन किसी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी.
 

Ranchi :   गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े उगाही नेटवर्क की जांच में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस होटल से अभिषेक उगाही का नेटवर्क चला रहा था, वहां अवैध गतिविधियों के संचालित होने की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह सब कुछ लंबे समय से काम चल रहा है. लेकिन किसी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी.

 

सूत्रों के अनुसार, मेदिनीनगर स्थित रिवर व्यू होटल में केवल रंगदारी की रकम का लेन-देन ही नहीं होता था, बल्कि यहां से अन्य अवैध गतिविधियों के संचालित होने के भी संकेत मिले हैं. जांच में यह बात सामने आई है कि होटल को एक सुरक्षित ठिकाने की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां से गिरोह के लोग बैठकर नेटवर्क को संचालित करते थे.

 

अभिषेक, जो होटल में कार्यरत था, इस पूरे खेल का अहम किरदार बताया जा रहा है. वह न केवल पलामू प्रमंडल में कारोबारियों से उगाही करता था, बल्कि वसूली गई रकम को सुरक्षित तरीके से गिरोह तक पहुंचाने की व्यवस्था भी करता था. होटल में बैठकर ही संपर्क, योजना और पैसों के ट्रांजैक्शन की रूपरेखा तैयार की जाती थी.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में संदिग्ध गतिविधियां पहले से ही देखी जा रही थीं. लेकिन डर और दबाव के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आया. अब जब पुलिस जांच में यह बातें सामने आ रही हैं, तो कई लोग चौंक गए हैं.

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अगर किसी की भी भूमिका सामने आती है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है. आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

 

 

हालांकि रिवर व्यू रिजॉर्ट के संचालक शैलेंद्र सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके रिजॉर्ट में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं होती और संस्थान पूरी तरह नियमों के तहत संचालित किया जाता है.

 

शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जिस व्यक्ति का नाम सामने आया है, वह सीधे तौर पर रिजॉर्ट प्रबंधन से जुड़ा नहीं था, बल्कि नीचे के कुछ कमरे किराये पर दिए गए एक कैफे ‘आर डेट कैफे’ में वेटर का काम करता था. ऐसे में यदि उस स्तर पर कोई गतिविधि हुई भी हो, तो उसकी जानकारी रिजॉर्ट प्रबंधन को नहीं थी और न ही उससे उनका कोई प्रत्यक्ष संबंध है.

 

रिवर व्यू रिजॉर्ट के संचालक ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उनका रिजॉर्ट के संचालन से कोई लेना-देना नहीं है. उनका प्रतिष्ठान हमेशा एक साफ-सुथरी छवि के साथ संचालित होता है और ग्राहकों को सुरक्षित व बेहतर माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.

 

संचालक ने भरोसा दिलाया कि यदि जांच एजेंसियों को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहयोग की आवश्यकता होगी, तो वे पूरी पारदर्शिता के साथ सहयोग करेंगे. साथ ही उन्होंने दोहराया कि उनका इस पूरे मामले से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है और वे अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही