- 80 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल, दो बाइक और तीन हजार रुपये नकद बरामद
Godda News : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से करीब 80 ग्राम ब्राउन शुगर, चार स्मार्टफोन, दो मोटरसाइकिल और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
इसे भी पढ़ें...
गोड्डा पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिपुर में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार और सेवन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने हरिपुर गांव में छापेमारी कर अंकित कुमार साह उर्फ लल्टू और अभिषेक कापरी को गिरफ्तार किया.
तलाशी के दौरान अंकित कुमार के पास से करीब 40 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, स्मार्टफोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए. वहीं, अभिषेक कापरी के पास से करीब 20 ग्राम ब्राउन शुगर, एक स्मार्टफोन और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके सहयोगियों की निशानदेही पर जमनी पहाड़पुर गांव में छापेमारी की. यहां से बादल कुमार साह और संदीप कुमार साह को गिरफ्तार किया गया.
इनके पास से 10-10 ग्राम ब्राउन शुगर, स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. मामले में गोड्डा (मु.) थाना कांड संख्या 212/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

