New Delhi : भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज सब्बीनेनी मेघना ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया. मेघना ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि देश की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था.
इसे भी पढ़ें...
उन्होंने क्रिकेट को अपने जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि खेल ने उन्हें साहस, विनम्रता और जिंदगी भर याद रहने वाले अनुभव दिए. मैदान उनके लिए दूसरे घर की तरह रहा, जहां उन्हें कई यादगार पल और दोस्त मिले.
अपने पोस्ट में मेघना ने परिवार, कोच, टीम के साथियों और सपोर्ट स्टाफ का विशेष रूप से आभार जताया. उन्होंने कहा कि मुश्किल दौर में परिवार का साथ उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा. साथ ही बीसीसीआई, आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात जायंट्स और रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया.
आंध्र प्रदेश की खिलाड़ी ने 2016 में अपने करियर की शुरुआत की. मेघना ने भारत के लिए 2016 से 2022 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला. इस दौरान उन्होंने तीन वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया. वनडे क्रिकेट में उनके नाम 114 रन दर्ज हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 258 रन बनाए. दोनों फॉर्मेट में उनके बल्ले से एक-एक अर्धशतक निकला.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा मेघना महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में भी खेल चुकी हैं. जिसमें उन्होंने 302 रन बनाए. वह 2024 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा थीं.
मेघना ने स्पष्ट किया कि संन्यास के बाद भी क्रिकेट से उनका जुड़ाव बना रहेगा. वह भविष्य में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और खेल के विकास में योगदान देने की इच्छा रखती हैं. उन्होंने अपने प्रशंसकों का भी आभार जताया.
मेघना के इस फैसले के साथ ही भारतीय क्रिकेट में उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सफर समाप्त हो गया. मेघना 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही थीं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट
मेघना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ घरेलू टी20 और महिला प्रीमियर लीग में भी अपनी बल्लेबाजी से योगदान दिया. उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17 मुकाबले खेले और 16 पारियों में 258 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 69 रन रहा, जबकि बल्लेबाजी औसत 18.43 का रहा. उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक अर्धशतक भी लगाया.
वनडे क्रिकेट
वनडे क्रिकेट में उन्होंने भारत के लिए तीन मैच खेले. तीनों पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 114 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 61 रन रहा.
महिला प्रीमियर लीग
महिला प्रीमियर लीग में उन्होंने 15 मैच खेले और 14 पारियों में 302 रन बनाए. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 53 रन और बल्लेबाजी औसत 23.23 रहा. WPL में उन्होंने एक अर्धशतक लगाया. वह 2024 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का भी हिस्सा थीं.
घरेलू टी20 क्रिकेट
घरेलू टी20 क्रिकेट में मेघना ने 135 मैचों में 2,440 रन बनाए. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 84 रन रहा. इसमें उन्होंने 12 अर्धशतक लगाए, जो उनके चारों प्रारूपों के आंकड़ों में सबसे अधिक हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

