- जगन्नाथपुर मोड़ के पास कार की डिक्की से मिली शराब, सिदगोड़ा ले जाने की थी तैयारी
Jamshedpur News : बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कुल 330 लीटर महुआ शराब बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास विशाल उर्फ छोटू और धीरेन तांती के रूप में हुई है. दोनों सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती के रहने वाले बताए गए हैं.
इसे भी पढ़ें...
इस संबंध में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार के माध्यम से अवैध महुआ शराब की तस्करी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर बागबेड़ा थाना पुलिस ने जगन्नाथपुर मोड़/पुल के पास वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली.
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में महुआ शराब रखी मिली. पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए कार सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुल 330 लीटर महुआ शराब बरामद की.
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब को सिदगोड़ा क्षेत्र में ले जाने की तैयारी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था. साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
बागबेड़ा पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

